उधर रंगनाथ मिश्रा को बसपा में मिली बड़ी जिम्मेदारी, इधर उनके खासमखास ने लिया मोदी को फिर पीएम बनने का संकल्प

भदोही। भदोही जिले के नेता भरतराज सिंह को ‘मिशन मोदी अगेन पीएम’ का भदोही जिलाध्यक्ष बनाया गया है। यह एक खबर है, लेकिन इससे भी बड़ी खबर यह है कि भरतराज सिंह ऐसे समय मे पीएम नरेंद्र मोदी को फिर से पीएम बनाने की वकालत करने वाले संगठन के जिलाध्यक्ष बने हैं जब जिले के पूर्व मंत्री रंगनाथ मिश्रा को बसपा के पूर्वी उत्तर प्रदेश का मुख्य जोन इंचार्ज बनाया गया है, और भरतराज सिंह रंगनाथ मिश्रा के खासमखास रहे हैं।

2017 विधानसभा और 2019 लोकसभा चुनाव में बसपा प्रत्याशी रहे रंगनाथ मिश्रा का भरतराज सिंह ने बहुत मजबूती से चुनाव प्रचार किया था। यही नही बसपा के नीतियों के कारण मीडिया से दूरी बनाते रहे बसपा नेता जब चुनाव के दौरान टीवी डिबेट में आने से बचते थे तो भरतराज सिंह उन सभी डिबेट में शामिल होकर बड़ी मजबूती से रंगनाथ मिश्रा का पक्ष रखते थे। पूरे जिले में यह चर्चा आम है कि रंगनाथ मिश्रा और भरतराज सिंह का सम्बंध बहुत करीब का है। लेकिन जैसे ही रंगनाथ मिश्रा को दो-तीन दिन पहले ही बसपा ने बड़ी जिम्मेदारी देते हुए उन्हें पूर्वी उत्तर प्रदेश का मुख्य जोन इंचार्ज बना दिया वैसे ही उनके करीबी रहे भरतराज सिंह मोदी को फिर से पीएम बनने वाले संगठन के जिलाध्यक्ष बना दिये गए। अब जिले की जनता इस कड़ी को जोड़कर देख रही है उसके बाद उसके मन मे यह सवाल भी पैदा हो रहा है कि भरतराज सिंह ने अलग राह क्यों चुनी। सोशल मीडिया पर इसका एक उदाहरण भी देखने को मिला कि जैसे ही व्हाट्सएप ग्रुप पर यह खबर आई कि भरतराज सिंह को जिलाध्यक्ष बनाया गया है पलक झपकते ही एक सज्जन ने कमेंट कर पूछा कि ये तो रंगनाथ जी के खासमखास थे? अब इन सवालों पर भरतराज सिंह जब अपनी बात रखेंगे तो उसे भी हम आपके बीच रखेंगे। हालांकि भरतराज सिंह बहुत पहले भाजपा में रहते हुए जिला महामंत्री सहित कई पदों पर भी रहे हैं। लेकिन जब वो भाजपा में थे तो उस समय भी रंगनाथ मिश्रा भी भाजपा में थे और उनकी भाजपा में खूब चलती थी। भाजपा के प्रदेश सरकार में वो गृह मंत्री भी रहे हैं।